Search

 
 
 

Chatra News :  17 लाख के अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का गुर्गा गिरफ्तार

जिले में सक्रिय नशे के सौदागरों और अफीम तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में चतरा पुलिस ने अफीम के अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के गुर्गे को गिरफ्तार किया है.
 
  • दिल्ली भेजी जा रही थी खेप
  • झारखंड-बिहार बॉर्डर पर पुलिसिया कार्रवाई नें बिगाड़ा खेल

Chatra :  जिले में सक्रिय नशे के सौदागरों और अफीम तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में चतरा पुलिस ने अफीम के अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के गुर्गे को गिरफ्तार किया है.

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिक्किद गांव निवासी अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है. उसके पास से करीब 2 किलो 900 ग्राम गिला अफीम भी बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत 17 लाख रुपये आंकी गई है. 

 

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-जोरी की ओर से एक युवक ऑटो में अवैध अफीम लेकर गया जी (बिहार) होते हुए राजधानी दिल्ली जाने वाला है. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.

 

गठित टीम नें झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित गोसाईडीह के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने जैसे ही एक ऑटो को रोका, उसमें बैठा युवक काले रंग का पीठू बैग लेकर भागने लगा. जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया.

 

तलाशी लेने पर उसके बैग से 2 किलो 900 ग्राम गिला अफीम, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नगद बरामद किए गए.

 

गिरोह से जुड़े मिले हैं कई अहम सुराग

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक की मदद से माफिया अफीम को एक स्थान से दूसरे स्थान सप्लाई करवाते थे. उसे अफीम लेकर बिहार के रास्ते दिल्ली भेजा जा रहा था.  दिल्ली पहुंचने पर उसे बताया जाता कि खरीदार को किस जगह पर अफीम सप्लाई करनी है.

 

एसपी ने कहा कि चतरा के तस्करों के तार दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा तक जुड़े हैं.  पूछताछ में गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं और सप्लायर की पहचान कर ली गई है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा.

 

एसपी ने कहा है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई राज्यों में अफीम की सप्लाई कर चुका है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि तस्करों और माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. आगे भी उनके खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा. 

 

अभियान में एसडीपीओ चतरा सदर संदीप कुमार सुमन के अलावे इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार व पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही