- चतरा पुलिस ने तस्करों पर कसा शिकंजा, एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
Chatra News : चतरा जिले में अफीम की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में लावालौंग थाना क्षेत्र के साम्भे स्थित पिपराडीह टोला में वन भूमि पर अवैध पोस्ता की बुआई करते दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें...
गिरफ्तार अभियुक्तों में साम्भे टोला पिपराडीह निवासी उमेश गंझु उर्फ महेन्द्र गंझु और केश्वर गंझु शामिल हैं. पुलिस ने मौके से 500 ग्राम पोस्ता का बीज भी जब्त किया है. समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराडीह में वन भूमि की कटाई कर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की जा रही है.
सूचना के सत्यापन व त्वरित कार्रवाई के लिए सिमरिया के प्रभारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की गई, जिसमें लावालौंग थाना प्रभारी चंदन सिंह व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. उन्होंने बताया कि टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुचुआ नाला के किनारे करीब 10 डिसमिल वन भूमि की जुताई कर अफीम की बुआई करा रहे दोनों आरोपियों को मौके से दबोचा लिया.
एसपी ने कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अफीम की अवैध खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वन भूमि का अतिक्रमण कर नशे का कारोबार करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एसपी ने बताया कि इस बाबत लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट व वन अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

