Chatra News : नवरात्र की शुरुआत से ठीक पहले चतरा शहर समेत जिले के कई इलाकों में लगातार दो दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रखने के बिजली विभाग के निर्णय को लेकर शहरवासियों में भारी नाराजगी है.
बिजली विभाग द्वारा 10 और 11 अक्टूबर को दिन के कई घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रखने की सूचना जारी किए जाने के बाद लोगों ने इसे अव्यवहारिक बताते हुए निर्णय वापस लेने की मांग की है.
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, चतरा की ओर से 33 केवी इटखोरी-चतरा विद्युत लाइन के रखरखाव व मरम्मत कार्य को लेकर 10 व 11 अक्टूबर को आवश्यक शटडाउन लेने की जानकारी दी गई है.
विद्युत कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह के अनुसार दोनों दिन सुबह 11 बजे से शाम 5:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इससे चतरा शहर, हंटरगंज, जोरी, रक्सी, प्रतापपुर, कुंदा समेत आसपास के क्षेत्रों पर असर पड़ेगा.
शहरवासियों ने जताई कड़ी नाराजगी
लोगों का कहना है कि रविवार से दस दिवसीय महापर्व नवरात्र कलश स्थापना के साथ शुरू हो रहा है. शनिवार को महाल्या के अवसर पर घरों में पर्व की तैयारियों और व्यापक साफ-सफाई का काम चलता है.
ऐसे समय में लगातार दो दिनों तक दिन में बिजली बंद रखने का निर्णय लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है.शहरवासियों ने कहा कि नवरात्र की तैयारी के बीच दिनभर बिजली काटने का फैसला समझ से परे है. विभाग को पर्व की संवेदन शीलता को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था या समय में बदलाव करना चाहिए.
DC और EE से निर्णय बदलने की मांग..!
लोगों ने उपायुक्त रवि आनंद, कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह व सहायक अभियंता सत्यदेव कुमार से बिजली कटौती के निर्णय पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग की है.
DC नें लिया संज्ञान, कहा भक्तों को मिलेगी प्राथमिकता
हालांकि जब इस बाबत उपयुक्त रवि आनंद को समस्या से अवगत कराया गया तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान निकालनें की बात कही है.
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न ना हो इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है. किन परिस्थितियों में बिजली विभाग के द्वारा ऐसा निर्णय लिया गया है इसपर विभाग के अधिकारियों से बात करता हूं.

