Chatra : चतरा में एसपी आवास व कार्यालय के ठीक सामने मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. गोली लगने से एक प्राइवेट गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई. गोली मारने वाला निजी बॉडीगार्ड का साथी बताया जा रहा है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह भी बिहार का ही रहने वाला है. दोनों बिहार के बेलागंज की विधायक मनोरमा यादव के पुत्र व ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी बॉडीगार्ड के रूप में कार्यरत थे.
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी जवान को पकड़ लिया. सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास खड़ी फोर्ड एंडेवर कार चतरा में बाइपास निर्माण कार्य कर रही रमियां कंस्ट्रक्शन के मालिक बिहार के गया निवासी रॉकी यादव की है. पुलिस ने उक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं. हालांकि, हथियारों की संख्या और बरामदगी से जुड़ी अन्य जानकारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है.
एसपी से मिलने आए थे ठेकेदार
जानकारी के अनुसार, चतरा बाइपास रोड का निर्माण करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव दोपहर में किसी कार्य से एसपी से मिलने उनके आवास पहुंचे थे. उनके दोनों निजी बॉडीगार्ड अतुल कुमार व बलवीर सिंह बाहर वाहन में बैठे हुए थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि बलवीर सिंह ने अपना हथियार निकालकर अतुल कुमार के सिर में गोली मार दी. अतुल की मौके पर ही मौत हो गई.
गोली चलने से मची अफरा-तफरी
एसपी आवास के सामने गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी और लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. पुलिस ने आरोपी बलवीर सिंह को हथियार के साथ हिरासत में ले लिया. वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुट गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बॉडीगार्ड के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया है. पुलिस के वरीय अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment