Search

Chatra News: 25 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

Chatra: चतरा जिले में पुलिस ने अफीम तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाल बिछाकर एक शातिर अफीम तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर के पास से भारी मात्रा में अवैध अफीम और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है. 


दिलचस्प बात यह है कि आरोपी के पास से दो किलोग्राम गुड़ जैसा पदार्थ भी मिला है, जिसका इस्तेमाल वह अफीम में मिलाकर उसका वजन बढ़ाने के लिए करने वाला था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ गांव निवासी रामचरण दांगी उर्फ रामचंद्र दांगी के रूप में हुई है. 

 

पुलिस अधीक्षक अनिमेश नैथानी ने बताया कि गोपनीय और सटीक सूचना मिला कि जपुआ गांव का एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर चतरा-हजारीबाग मुख्य सड़क पर खड़ा है. वह वहां से बस पकड़कर हजारीबाग की ओर जाने की तैयारी में है. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एक त्वरित छापेमारी दल का गठन किया गया. 


छापेमारी दल जब गिद्धौर थाना अंतर्गत ग्राम-जपुआ के पास चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तो वहां सड़क किनारे एक व्यक्ति थैला लिए संदिग्ध स्थिति में खड़ा दिखाई दिया. जैसे ही उसकी नजर पुलिस बल पर पड़ी, उसने भागने का प्रयास किया. वह सड़क से नीचे उतरकर पास की झाड़ियों की तरफ दौड़ने लगा. लेकिन सजग पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया. 


जब पुलिस ने उसकी और उसके थैले की विधिवत तलाशी ली, तो थैले के अंदर से तीन अलग-अलग प्लास्टिक के पैकेट मिले. एसपी नें बताया कि पुलिस की सघन पूछताछ और जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बरामद पैकेटों में करीब 4 किलोग्राम अफीम है. इसके साथ ही आरोपी के पास से अन्य सामग्री और एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है. 


पुलिस ने तत्काल प्रभाव से अफीम और मोबाइल फोन जब्त कर लिया. इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत गिद्धौर थाना में कांड दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//