Search

Chatra News: बेटे पर लगा पिता की हत्या का आरोप, गांव में दहशत

Chatra: चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड स्थित लारालुट्टुदाग गांव में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

 

मृतक की पहचान कुलेश्वर यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, परिवार के भीतर किसी बात को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. रविवार रात विवाद अचानक बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान बेटे भोला यादव ने अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.

 

घटना रविवार रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है. घर से शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुलेश्वर यादव की जान जा चुकी थी. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग स्तब्ध रह गए.

 

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मामले में आरोपी की पत्नी और उसके रिश्तेदार की भी भूमिका हो सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

 

सूचना मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//