Search

 
 
 

Chatra News : हंटरगंज से अपहृत किशोरी बरामद, सहेली और उसक मां ने रची थी अपहरण की साजिश

Chatra News: मामले का खुलासा होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई की. इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया.
 
आरोपियों को घेरे ग्रामीण.
  • ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ा, जमकर की पिटाई 

Chatra News : चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड के वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र से लापता किशोरी को बरामद कर लिया गया है. इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. किशोरी का अपहरण उसकी अपनी सहेली, सहेली की मां और एक अन्य सहयोगी ने पैसों के लालच में किया था.

 

इसे भी पढ़ें


मामले का खुलासा होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई की. इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया. ज्ञात हो कि किशोरी सोमवार को अपनी मां से सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. इसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गई. जब काफी देर तक वह नहीं लौटी, तो परिजन सहेली के घर पूछने पहुंचे. वहां सहेली और उसके परिजनों ने किशोरी के आने से साफ इनकार कर दिया.


काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने मंगलवार को वशिष्ठनगर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. 


30 हजार के लिए रची साजिश

किशोरी के बयान से यह बात सामने आई है कि इस पूरी साजिश की सूत्रधार सहेली की मां सुनीता देवी थी. आरोपियों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर से पैसे लाने के लिए उकसाया. झांसे में आकर किशोरी अपने घर में रखे 30 हजार रुपये लेकर उनके पास पहुंच गई. रुपये लेने के बाद सहेली, उसकी मां और उनके सहयोगी विकास ठाकुर ने भेद खुलने के डर से किशोरी को घर में ही बंधक बना लिया. 


पुलिस के डर से गढ़ी झूठी कहानी

मंगलवार की शाम जब पुलिस की दबिश बढ़ने लगी, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से किशोरी को डरा-धमकाकर छोड़ने का फैसला किया. किशोरी पर दबाव बनाया कि वह घर जाकर झूठ बोले कि उसकी मां उसके साथ मारपीट करती है, जिससे तंग आकर वह बिहार के गयाजी भाग गई थी और अभी 'जय मंगला' बस से लौटी है.


तय योजना के तहत सहयोगी विकास ठाकुर किशोरी को लेकर घंघरी चौक पहुंचा और वहां खड़ी जय मंगला बस के सामने उसे छोड़ दिया. लोगों को गुमराह करने के लिए विकास ने सबके सामने किशोरी को दो थप्पड़ मारे और डांटते हुए नाटक किया कि वह बिना बताए कहां चली गई थी और उसके माता-पिता कितने परेशान हैं. 


ग्रामीणों ने आरोपियों को दबोचा

किशोरी की बरामदगी के बाद परिजन उसे घर ले गए. रात में जब उसका डर थोड़ा कम हुआ, तो उसने रोते हुए अपने माता-पिता को पूरी आप बीती सुनाई. उसने यह भी बताया कि बंधक बनाए जाने के दौरान आरोपी फोन पर किसी से उसे बेचने की बात भी कर रहे थे. यह सुनकर परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए. गुस्साए ग्रामीणों ने तत्काल आरोपियों को दबोच लिया और बांधकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही