Search

 
 
 

Chatra News : आगजनी की योजना बना रहे दो माओवादी हथियार के साथ गिरफ्तार

चतरा पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की साजिश को विफल कर दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो माओवादियों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है.
 
  • माओवादी संगठन को फिर खड़ा करने की साजिश नाकाम
  • जोनल कमांडर मनोहर गंझू के कहने पर ट्रकों में आग लगाने जा रहे थे आरोपी

Chatra : चतरा पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की साजिश को विफल कर दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो माओवादियों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों ने स्वीकार किया कि वे भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर मनोहर गंझू के निर्देश पर भुईयांडीह घाटी में फायरिंग कर ट्रकों में आगजनी की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाने जा रहे थे.

 


यह जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक कुन्दा से प्रतापपुर-जोरी होते हुए भुईयांडीह की ओर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं. इस सूचना पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने प्रतापपुर-कुन्दा मुख्य मार्ग पर बलवादोहर गांव के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान कुन्दा की ओर से आ रही एक बाइक दिखी. पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों युवक बाइक की गति तेज कर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.


गिरफ्तार युवकों की पहचान कुन्दा थाना क्षेत्र के कोजरम निवासी सुरेन्द्र गंझू (22) और करिल गड़वा निवासी संजय गंझू (20) के रूप में हुई. पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे माओवादी जोनल कमांडर मनोहर गंझू के निर्देश पर भुईयांडीह घाटी में फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा मालवाहक वाहनों में आग लगाने जा रहे थे.


एसडीपीओ ने कहा कि चतरा जिले में लगभग समाप्ति की ओर पहुंच चुके भाकपा माओवादी संगठन को फिर से खड़ा करने के लिए नए युवकों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.


दोनों आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, करीब एक लीटर पेट्रोल, एक माचिस, एक मोटरसाइकिल (JH01DS-4698) तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही