Search

 
 
 

चतरा: गेंदरा गांव में धमकी भरा पोस्टर, पूर्व TSPC कमांडर को गांव छोड़ने की चेतावनी

चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंदरा गांव में एक बार फिर भय का माहौल बन गया है.
 

Chatra : चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंदरा गांव में एक बार फिर भय का माहौल बन गया है. बुधवार देर रात अज्ञात लोगों द्वारा पूर्व टीएसपीसी कमांडर श्याम भोक्ता के घर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया, जिसमें उन्हें और उनके परिवार को गांव छोड़ने की चेतावनी दी गई है. पोस्टर में खुद को माओवादी संगठन की दक्षिणी जोनल कमेटी से जुड़ा बताया गया है.

 

पोस्टर में श्याम भोक्ता को पुलिस का मुखबिर बताते हुए गांव छोड़ने की धमकी दी गई है और ऐसा नहीं करने पर गोली मारने की चेतावनी दी गई है. साथ ही 28 दिसंबर की घटना का उल्लेख करते हुए अगली बार मौका नहीं देने की बात लिखी गई है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच डर का माहौल है.

 

पुरानी घटना का जिक्र

बताया जाता है कि पिछले वर्ष 28-29 दिसंबर की रात गांव में वर्चस्व और जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हुई थी. उस दौरान कुछ लोगों ने श्याम भोक्ता पर हमला किया था. ग्रामीणों के प्रतिरोध के दौरान हुई गोलीबारी में दो हमलावरों की मौत हो गई थी.

 

इस घटना में श्याम भोक्ता और उनके साले गोपाल गंझू घायल हो गए थे. हाल में लगाए गए पोस्टर में मारे गए दोनों लोगों को ‘शहीद’ बताते हुए उनका उल्लेख किया गया है और घटना के दौरान विरोध करने वाले ग्रामीणों को भी चेतावनी दी गई है.

 

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

श्याम भोक्ता की पत्नी का आरोप है कि पहले हुई घटना में पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना है कि इसी वजह से उनका परिवार दोबारा खतरे में आ गया है. पोस्टर में पुलिस प्रशासन को भी चुनौती देने जैसी बातें लिखी गई हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

 

पुलिस ने शुरू की जांच

सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पोस्टर को जब्त कर लिया गया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

 

उन्होंने कहा कि यह जांच की जा रही है कि पोस्टर वास्तव में नक्सली संगठन द्वारा लगाया गया है या किसी शरारती तत्व की करतूत है. एहतियातन श्याम भोक्ता के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही