Chatra News: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के काशियातु टोला चौरोचोरा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार और चोरी की चार मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश गंजू, पिता जेठू गंजू, निवासी काशियातु टोला चौरोचोरा के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें:
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को 25 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मुकेश गंजू अपने घर में अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलें रखे हुए है. सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने मुकेश गंजू के घर पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान पुलिस ने एक कंट्रीमेड बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं. आरोपी के खिलाफ सिमरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

