- रांची में पारा 9 डिग्री पर पहुंचा
Ranchi : झारखंड में मौसम के बदलते मिजाज के बीच सुबह और रात की ठंड बढ़ गई है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को हल्की राहत मिल रही है. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, राजधानी रांची में भी रात का पारा लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है और सुबह के समय दृश्यता 1200 मीटर रिकॉर्ड की गई.
इसे भी पढ़ें
कई जिलों में पारा 8 से 12 डिग्री के बीच रहा
राज्य के विभिन्न जिलों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. गुमला में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री, खूंटी में 8.3 डिग्री, हजारीबाग में 8.9 डिग्री और सिमडेगा में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं बोकारो में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री, जमशेदपुर में 14.4 डिग्री और देवघर में 14.2 डिग्री रहा.
चाईबासा का अधिकतम तापमान सबसे अधिक
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री, डालटनगंज में 27.2 डिग्री और बोकारो थर्मल में 25.2 डिग्री दर्ज किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य स्तर से 1.9 डिग्री नीचे है.

