Ranchi News: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR 2026 को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है. इंडिया गठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया है कि राज्य के कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों के पास बड़ी संख्या में भरे हुए फॉर्म-7 मिले हैं. इसे लेकर गठबंधन के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की है.
इसे भी पढ़ें:
फॉर्म-7 का इस्तेमाल मतदाता सूची से किसी व्यक्ति का नाम हटाने या नाम हटाने पर आपत्ति दर्ज करने के लिए किया जाता है. गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि इन फॉर्म का गलत तरीके से इस्तेमाल कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा सकती है.
ज्ञापन में कहा गया है कि गढ़वा, गोड्डा और चतरा समेत कई जिलों से ऐसे मामलों की जानकारी मिली है. गढ़वा के रंका प्रखंड में भाजपा कार्यकर्ता शिव प्रसाद सोनी और नन्दलाल यादव के पास फॉर्म मिलने का दावा किया गया है. इसी तरह गोड्डा के बाघकोल पंचायत में बूथ संख्या 38 के भाजपा BLA सुनील महोली और चतरा के टंडवा प्रखंड में बूथ संख्या 404 और 405 के भाजपा BLA मदन ठाकुर के पास भी फॉर्म मिलने की बात कही गई है.
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों या अन्य लोगों के पास इस तरह से फॉर्म रखना चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है. उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि यह साफ हो सके कि फॉर्म कहां से आए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था.
नेताओं ने मांग की है कि जिन जिलों में ऐसे मामले सामने आए हैं, वहां हाल में जमा किए गए फॉर्म-7 के आधार पर मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया फिलहाल रोकी जाए. इसके बाद प्रत्येक मामले का घर-घर जाकर सत्यापन कराया जाए.
प्रतिनिधिमंडल ने दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है. साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को पुनरीक्षण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखने का निर्देश देने की मांग की गई है.
गठबंधन के नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाने की कोशिश की गई तो राज्यभर में आंदोलन किया जाएगा. वहीं, उन्होंने निष्पक्ष तरीके से काम करने वाले BLO को सम्मानित करने की भी मांग की है.
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में JMM से महासचिव विनोद कुमार पांडेय, विधायक विकास मुंडा, विधायक एमटी राजा और विधायक सुदीप गुडिया शामिल थे. कांग्रेस से प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, RJD से मनोज पांडेय और आबिद अली तथा भाकपा माले से हलधर महतो मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

