Amit Kumar
Nowamundi: पश्चिमी सिंहभूम जिले की नोवामुंडी प्रखंड की बड़ाजामदा थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्टीसाई में नाबालिग से जुड़े कथित मामले के बाद विवाद गहरा गया है. 28 अगस्त को हुए घटनाक्रम के बाद दो गुटों के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई, जिसमें प्रीतम गुप्ता और बिक्की सिंह के गंभीर रूप से घायल हो गए.
दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है. परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया है कि आदित्यपुर निवासी मोहम्मद राजा पिछले कुछ दिनों से नाबालिग के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ कर रहा था. आरोप है कि 28 अगस्त को उसने नाबालिग का हाथ पकड़कर जबरन कमरे में ले जाने तथा गलत हरकत करने का प्रयास किया.
इसे भी पढ़ें:
परिजनों के अनुसार, नाबालिग किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी. परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद उन्हें धमकी दी गई कि यदि कानूनी कार्रवाई की गई तो परिवार के सदस्यों को जान से मार दिया जाएगा.
मोहम्मद राजा को मोहम्मद सहबाज का कर्मचारी बताया जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. मामले को लेकर महिला थाना किरीबुरू में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने नाबालिग से जुड़े आरोपों के संबंध में पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
इधर, पुलिस और प्रशासन की जांच के दौरान भट्टीसाई स्थित संबंधित लॉज के संचालन को लेकर भी कार्रवाई की गई. जांच में लॉज का वैध पंजीकरण नहीं पाए जाने के बाद प्रशासन ने लॉज को सील कर दिया. रविवार को बीडीओ की मौजूदगी में दिवाकर सिंह उर्फ दीपू से संबंधित संपत्ति को भी सील किया गया.
इसके बाद बड़ाजामदा, गुवा और किरीबुरू थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिवाकर सिंह उर्फ दीपू को तड़के करीब तीन बजे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने कहा कि नाबालिग से जुड़े आरोप, दो गुटों के बीच हुई मारपीट तथा धमकी के आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

