Ranchi: आगामी पर्व सरहुल और ईद को लेकर रांची नगर निगम एक्शन मोड में है. 21 मार्च को मनाए जाने वाले ईद और सरहुल पर्वों को लेकर निगम प्रशासन ने साफ-सफाई, जलापूर्ति और रोशनी की व्यवस्था शुरू कर दी है. मंगलवार को प्रशासक सुशांत गौरव ने शहर के प्रमुख हातमा व सिरमटोली सरना स्थल और मस्जिदों का दौरा किया तथा तैयारियों का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान हातमा सरना स्थल, करमटोली छात्रावास अखड़ा, सिरमटोली चौक और रतन टॉकीज चौक स्थित एकरा मस्जिद समेत कई स्थानों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई. प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां तय समय में पूरी हों, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
सरहुल को लेकर विशेष तौर पर शोभायात्रा मार्गों की सफाई, पानी का छिड़काव, लाइटिंग, पेड़ों की छंटाई और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव सुनिश्चित किया जा रहा है. वहीं ईद के मद्देनज़र मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सफाई, नाली व्यवस्था और कूड़ा उठाव पर जोर दिया गया है.
निगम के 53 वार्डों के 298 सरना स्थलों और करीब 100 मस्जिदों में सफाई अभियान जारी है. एक हजार से अधिक सफाई मित्र तैनात हैं. शोभायात्रा के दिन 10 जगहों पर चलंत शौचालय और 46 वाटर टैंकर उपलब्ध कराए जायेंगे. शहर को रोशन करने के लिए 40 जनरेटर और 601 अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट लगाए जा रहे हैं. साथ ही यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment