Search

 
 
 

CM हेमंत ने चाईबासा में 398 करोड़ की 197 योजनाओं का किया शिलान्यास-उद्घाटन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सेरेंगसिया के शहीदों को नमन-सह-परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं परिसंपत्ति  वितरण समारोह में शामिल हुए.
 
  • 3.77 लाख लाभार्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र

Chaibasa : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सेरेंगसिया के शहीदों को नमन-सह-परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं परिसंपत्ति  वितरण समारोह में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने सेरेंगसिया शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो प्रखंड अंतर्गत सेरेंगसिया में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अपने वीर शहीदों का सम्मान झारखंड की परंपरा में शामिल है और इस परंपरा को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने पूर्वजों के बलिदान को जान सकें.

Uploaded Image

197 विकास योजनाओं की दी सौगात

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपये की लागत से 197 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया.

224 करोड़ 78 लाख 77 हजार 843 रुपये की लागत से 122 योजनाओं का शिलान्यास

173 करोड़ 40 लाख 57 हजार 405 रुपये की लागत से 75 योजनाओं का उद्घाटन किया गया


इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख 13 हजार 500 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. वहीं, 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए.

 

झारखंड हमेशा से शूरवीरों की धरती रही है

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हमेशा से शूरवीरों की धरती रही है. जब देश में आजादी की लड़ाई की शुरुआत भी नहीं हुई थी, तब यहां के आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया. कोल्हान का कोल विद्रोह इसका जीवंत उदाहरण है.

 

हमारे पूर्वजों ने अपनी पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सब कुछ न्योछावर कर दिया. भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हु, नीलांबर-पीतांबर और पोटो हो जैसे महानायकों की शहादत की यह धरती साक्षी रही है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हेडक्वार्टर से नहीं, बल्कि गांवों से चल रही है. योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड आज विकास के हर मोर्चे पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है.

 

जब तक समाज आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक आगे नहीं बढ़ सकता. इसी सोच के तहत सरकार बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर दे रही है.

 

गरीब और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग और विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप दी जा रही है.

 

आधी आबादी को बना रहे आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री ने बताया कि आधी आबादी यानी महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर वर्ष 30 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें.

 

कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक निरल पूर्ति, दशरथ गागरई, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू, सविता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, जगत मांझी, सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही