Ranchi: असम में आई भीषण बाढ़ के बाद झारखंड सरकार ने मदद का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है.
इसे भी पढ़ें:
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि असम इस समय बाढ़ की बड़ी आपदा से जूझ रहा है. बाढ़ से लोगों की जान गई है, कई परिवारों का घर उजड़ गया है और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं. ऐसे समय में सभी राज्यों का एक-दूसरे की मदद करना जरूरी है.
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य की जनता असम के लोगों के साथ खड़ी है. इसी भावना के साथ राज्य सरकार असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है.
मुख्यमंत्री ने झारखंड के लोगों से भी अपील की है कि जो लोग सक्षम हैं, वे अपनी इच्छा के अनुसार असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद करें. उन्होंने कहा कि संकट के समय जरूरतमंद लोगों का साथ देना सबसे बड़ा मानव धर्म है.
उन्होंने असम के लोगों के साहस की भी सराहना की. साथ ही मां कामाख्या से प्रार्थना की कि असम के लोग जल्द इस आपदा से बाहर निकलें और उनका जीवन फिर से सामान्य हो.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर आगे किसी और तरह की मदद की जरूरत होगी, तो झारखंड सरकार हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी. उन्होंने असम के सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सभी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment