Ranchi News : झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष की रणनीति को लेकर मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से हुई इस बैठक में MMDR संशोधन अधिनियम और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को विशेष सत्र के दौरान पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया. साथ ही विपक्ष के सवालों का मजबूती से जवाब देने और सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने की रणनीति बनाई गई.
बैठक में विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और जनता की चिंताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. SIR की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों, मतदाताओं को जारी नोटिस और लंबित सुनवाई का मुद्दा प्रमुखता से उठा. सत्ता पक्ष ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और जरूरत पड़ने पर समय-सीमा बढ़ाने की मांग सदन में उठाने की तैयारी की है.

वर्चुअली बैठक
वहीं, MMDR संशोधन अधिनियम को लेकर सत्ता पक्ष ने राज्य के खनिज और वित्तीय अधिकारों का मुद्दा उठाने का निर्णय लिया. सरकार को आशंका है कि नए कानून से खनिज युक्त भूमि पर सेस और टैक्स लगाने से राज्य के अधिकार प्रभावित होंगे, जिससे राजस्व पर असर पड़ सकता है.
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भी MMDR और SIR को लेकर अपनी चिंताएं रखीं. उन्होंने कहा कि केंद्र के नए कानून से खनिज उत्पादक राज्यों के राजस्व हित प्रभावित हो सकते हैं.
वहीं, SIR में वंचित और आदिवासी वर्गों के मताधिकार सुरक्षित रखने के लिए पारदर्शिता जरूरी है. विशेष सत्र से पहले हुई इस बैठक को सत्ता पक्ष की एकजुटता और विपक्ष को जवाब देने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

