Search

 
 
 

सीएम सम्राट चौधरी ने की पथ निर्माण विभाग की समीक्षा, सड़कों और पुलों के नियमित सुरक्षा ऑडिट के दिए निर्देश

सीएम सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में पथ निर्माण विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की.
 

Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में पथ निर्माण विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने राज्य में चल रही विभिन्न सड़क एवं पुल परियोजनाओं की प्रगति, उनके रख-रखाव और भविष्य की योजनाओं के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट पेश की.

 


समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों और पुलों के निर्माण की गुणवत्ता तथा उनके रख-रखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क (कनेक्टिविटी) उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है. मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बेहतर वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा. इसके साथ ही उन्होंने राज्य के सभी पुलों का विशेषज्ञों के माध्यम से नियमित निरीक्षण करने और तय मानकों के अनुसार अनिवार्य रूप से सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए.

 


बैठक में विशेष रूप से मुंगेर (सफियाबाद)-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर फोरलेन गंगा पथ परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को हाइब्रिड एन्यूटी मोड (HAM) के तहत समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि पूर्वी बिहार की कनेक्टिविटी मजबूत हो सके और क्षेत्र में आर्थिक व पर्यटन विकास को नई गति मिले. इस उच्चस्तरीय बैठक में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत विभाग और बिहार राज्य पुल व पथ विकास निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही