Patna: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के जेपी गंगा पथ पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में एक लाख पौधे लगाने के अभियान का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने बिहार में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बड़े स्तर पर सोलर आधारित बिजली उत्पादन को बढ़ावा देने जा रही है. इसके तहत पहले चरण में करीब पांच लाख घरों को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़ा जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रत्येक परिवार को सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 33 हजार रुपये की सहायता मिलेगी, जबकि शेष राशि का वहन बिहार सरकार करेगी.
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में राज्य के 50 लाख घरों तक सोलर बिजली पहुंचाना है. सोलर सिस्टम से बिजली उत्पादन शुरू होने के बाद यदि उपभोक्ता निर्धारित सीमा से अधिक बिजली पैदा करते हैं, तो अतिरिक्त बिजली के बदले सरकार सीधे उनके बैंक खाते में भुगतान करेगी.
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार वर्तमान में बिजली सब्सिडी पर हर वर्ष लगभग 23 हजार करोड़ रुपये खर्च करती है. सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देकर इस खर्च को कम करने के साथ-साथ लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है.
कार्यक्रम के दौरान जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के तहत पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई. साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए 25 जागरूकता रथों को रवाना किया गया, जो राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर पौधरोपण और हरित पर्यावरण का संदेश देंगे.
विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित बिहार और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ने की अपील की.
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री विजेंद्र यादव, रामकृपाल यादव, रामचंद्र प्रसाद सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment