Search

कोरोना काल में योजनाओं का लाभ गरीबों को मिले, इसे लेकर सीएम कल करेंगे समीक्षा बैठक

Ranchi : कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में राज्य में संचालित कई कल्याणकारी योजनाएं पूरी तरह से प्रभावित हुई हैं. इसे देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के गरीबों को राहत दिलाने के लिए सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे. यह समीक्षा मंगलवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये होगी. सीएम के निर्देश पर मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को पत्र जारी कर विभागीय सचिवों को बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा है कि वे विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए एक कार्य योजना के साथ उपस्थित हों, ताकि महामारी के इस दौर में राज्यवासियों को राहत पहुंचाया जा सके.

कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं

बता दें कि वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट में राज्य सरकार द्वारा कई प्रमुख योजनाओं की घोषणा की गई थी. इन योजनाओं का मुख्य ध्यान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, युवा आबादी को रोजगार प्रदान करने और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित करना था. मुख्यमंत्री मुद्रा योजना योजना, मुख्यमंत्री रोजगार गारंटी योजना, मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशिये छात्रवृत्ति योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, सभी के लिए पीने के साफ पानी की योजनाएं, यूनिवर्सल पेंशन योजना इसमें शामिल हैं. लेकिन कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में उपरोक्त योजनाएं काफी अधिक प्रभावित हुई है. सरकार का टारगेट है कि इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को ज्यादा से ज्यादा मिले, ताकि गरीबों को आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त हो सके.

दो सप्ताह से चल रहा स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह

कोरोना महामारी की दूसरी लहर में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देख और इसे रोकने के लिए सरकार ने पहले ही दो सप्ताह के स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की घोषणा की थी. इसके बाद भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ से जुड़ी विभिन्न चिकित्सा सेवाएं, कृषि गतिविधियां, एफएमसीजी और मनरेगा जैसी सभी आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं को अनवरत जारी रखा गया. लेकिन फिर भी कई कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित रही. जिसे देखकर सीएम ने कहा है कि विभिन्न विभागों के सचिव एक कार्य योजना के साथ बैठक में भाग लें, ताकि कोरोना महामारी से लड़ते हुए विभाग यह सुनिश्चित कर सके कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों को मिल सके.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//