Dhanbad News: झरिया के कतरास मोड़ स्थित सिंह नगर में शुक्रवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक हादसे में कोयला लोड हाइवा की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया. सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो, झरीया थानेदार सहित कई थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रहे.
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने झरिया-शिमलाबहाल मुख्य सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद मेयर संजीव सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली.
इसे भी पढ़ें:
मृतक की पहचान झरिया के मानबाद निवासी नारायण के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार ऊपर राजबाड़ी रोड से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जुलूस प्रतिमा विसर्जन के लिए सिंह नगर स्थित तेजन सिंह तालाब पहुंचा था. विसर्जन की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान राजापुर कोलियरी से कोयला लोड कर एक हाइवा कतरास मोड़ होते हुए सिंह नगर के रास्ते शिमलाबहाल रेलवे साइडिंग की ओर जा रहा था. इसी क्रम में सड़क किनारे मौजूद नारायण हाइवा की चपेट में आ गए. जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
बुजुर्ग की मौत से नाराज ग्रामीणों ने झरिया-शिमलाबहाल मुख्य सड़क को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. साथ ही मामले में संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनी और बीसीसीएल के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग भी उठाई गई.
विधायक रागिनी सिंह और मेयर संजीव सिंह घटनास्थल पर मौजूद रहे. ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे. सड़क जाम के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

