Search

 
 
 

झारखंड में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी, अगले तीन दिनों में 2–3 डिग्री गिरेगा पारा

झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. शीतलहर और सुबह-शाम के घने कोहरे से  जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
 
  • कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे
  • सुबह-शाम घना कोहरा बना परेशानी
  • लोहरदगा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री किया गया दर्ज
  • रांची में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना 
  • आईएमडी ने दी सतर्क रहने की सलाह

Ranchi :  झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. शीतलहर और सुबह-शाम के घने कोहरे से  जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने 30 दिसंबर की सुबह तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे छाये रहने की संभावना जताई है. 

 

हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. वहीं अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है.

 

मौसम विभाग के अनुसार,  23 दिसंबर की सुबह राज्य के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं 24 दिसंबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा देखा जा सकता है. 

 

रांची और आसपास के इलाकों की बात करें तो 23 दिसंबर को सुबह मध्यम कोहरा रहेगा और बाद में आसमान साफ रहेगा. इस दिन अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जबकि 24, 25, 26 और 27 दिसंबर को सुबह कोहरा या धुंध छाए रहने के बाद मौसम साफ रहेगा. पांच दिनों तक राजधानी का अधिकतम तापमान 23-24 और न्यूनतम तापमान 8 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 

 

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर पश्चिमी से उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रभावी हैं. साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, जिसका असर राज्य में देखने को मिल रहा है. इसके कारण आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने, सुबह के समय वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है.

 


मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में आज सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा. जबकि उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति देखी गई. बीते 24 घंटों के दौरान चाईबासा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि लोहरदगा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस में रिकॉर्ड किया गया. 

 


रांची का अधिकतम तापमान 23.7 और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर में अधिकतम 25.5 व न्यूनतम 12.4, डालटनगंज में अधिकतम 19.0 व न्यूनतम 7.5 और बोकारो थर्मल में अधिकतम 23.2 व न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

 

अन्य जिलों की बात करें तो खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.0, लातेहार में 9.1, सरायकेला में 10.5 और लोहरदगा में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है.

 

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही