Deoghar News: मतदाता पुनरीक्षण को लेकर संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने गुरुवार को पालोजोरी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के अपडेशन और सुधार से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं, गलत विवरण वाली प्रविष्टियों और नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावों व आपत्तियों की मौके पर सुनवाई की.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच की और उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति देखी. मतदाताओं के नाम, उम्र और पते में दर्ज गलतियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया.
आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है. इसलिए इसके पुनरीक्षण में सटीकता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
उन्होंने अधिकारियों और निर्वाचन कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी योग्य नागरिकों के नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज हों और फर्जी या दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
उन्होंने बीएलओ और संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य में तेजी लाने और इसे पूरी तरह पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदाताओं के दावों और आपत्तियों का निष्पक्ष तरीके से निपटारा करने को कहा गया. इससे पहले प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, निर्वाचन शाखा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

