Garhwa News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ रंका थाना में शिकायत दी गई है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
रंका थाना क्षेत्र के गासेदाग गांव निवासी श्रवण कुमार सिंह ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा है कि 28 सितंबर 2026 को उन्होंने एक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित वीडियो देखा. शिकायत के अनुसार, वीडियो में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने रूपी सोरेन के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है.
इसे भी पढ़ें:
शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. उनके मुताबिक, कथित टिप्पणी से उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठेस पहुंची है और अनुसूचित जनजाति समुदाय की भावनाएं भी आहत हुई हैं. शिकायतकर्ता ने पुलिस को वीडियो की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में उपलब्ध कराने की बात कही है.
आवेदन में कहा गया है कि कथित टिप्पणी उस समय की गई, जब रूपी सोरेन अस्पताल में भर्ती थीं. शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. विधायक की ओर से इस शिकायत और लगाए गए आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

