Dhanbad News: दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और शांति बनाए रखने को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी सिलसिले में धनबाद थाना परिसर में पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने की. इस दौरान पूजा आयोजकों की समस्याएं सुनी गईं और भीड़, ट्रैफिक, सुरक्षा तथा विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे और तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी. सभी पूजा समितियों को नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है. समितियों से इस संबंध में सहमति पत्र भी लिया जाएगा. नियम तोड़ने वाली समितियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में विसर्जन जुलूस के रूट को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. पूजा समितियों से जुलूस के प्रारंभिक स्थल, विभिन्न मोहल्लों से गुजरने वाले मार्ग और निर्धारित विसर्जन स्थल तक के रूट की जानकारी ली गई. पुलिस का उद्देश्य विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित रखते हुए किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना है.
उन्होंने कहा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रमुख पूजा पंडालों, संवेदनशील स्थानों और विसर्जन मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग की जाएगी. इसके अलावा पंडालों के आसपास संभावित पार्किंग स्थलों को भी चिन्हित किया जा रहा है ताकि सड़कों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से जाम की स्थिति पैदा न हो.
थाना प्रभारी ने कहा कि पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में ट्रैफिक प्रबंधन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहता है. भीड़ वाले और संकीर्ण इलाकों में त्वरित पुलिस सहायता पहुंचाने के लिए विशेष बाइक पेट्रोलिंग दस्ता तैनात किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों और डार्क स्पॉट्स पर पुलिस की नियमित गश्त जारी है. पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी.पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा का आनंद ले सकें. उन्होंने पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

