Dhanbad News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए हैं. रविवार को धनबाद के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन की जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें:
शाहदेव ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और स्वच्छता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची में नामों को लेकर सामने आ रहे सवाल लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं.
उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों और विभिन्न स्तरों पर सवाल उठाए जा रहे हैं.हाल में दो चुनाव आयुक्तों द्वारा एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े कुछ फैसलों पर आपत्ति जताए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई है. हालांकि निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि एसआईआर से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं.
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं. उनका दावा है कि इसका असर गरीब, वंचित और कमजोर वर्ग के लोगों के मताधिकार पर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कथित वोट चोरी के खिलाफ देशभर में अभियान चलाया जा रहा है.
शाहदेव ने बताया कि 28 सितंबर को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे. रांची में चुनाव आयोग कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन के साथ पुतला दहन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों को लेकर जनता के बीच जाएगी.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी या पारदर्शिता की कमी के सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

