Ranchi News : झारखंड में थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया और अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित मरीजों की समस्याओं को लेकर 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मरीजों के इलाज, सरकारी ब्लड बैंक की व्यवस्था और रक्तदान से जुड़े मुद्दों पर नौ सूत्री मांग पत्र सौंपा.
इसे भी पढ़ें...
लहू बोलेगा रक्तदान संगठन, रांची के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मरीजों और उनके परिजनों की समस्याओं से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया. इस दौरान रक्त विकार से पीड़ित बच्चों की मौत और उनके इलाज में आ रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए पहले भी स्वास्थ्य मंत्री को कई बार मांग पत्र दिया गया है, लेकिन अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई है.
प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव की ओर से 9 दिसंबर 2025 को विधानसभा में उठाए गए मुद्दों का भी जिक्र किया. बताया गया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए एक महीने के भीतर कदम उठाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक मांगें पूरी नहीं हुई हैं. प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की.
निजी कंपनी के साथ हुए समझौते को रद्द करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के सरकारी ब्लड बैंकों की व्यवस्था और संचालन को बेहतर बनाने की मांग की. साथ ही सरकारी ब्लड बैंकों और झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (जेएसएसीएस) को मजबूत करने की बात कही. प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी ब्लड बैंकों की जांच और दूसरी सेवाओं के लिए निजी कंपनी के साथ हुए समझौते को रद्द करने की भी मांग की.
इस मौके पर रक्त विकार से जान गंवा चुके बच्चों की सूची और निजी कंपनी एम.ए. साइंस से जुड़े मामले पर एक विशेष रिपोर्ट भी प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी गई.
मंत्री से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना. इसके बाद उन्होंने फोन पर स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत की. उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल और रक्तदान से जुड़े नीतिगत मुद्दे जनहित में सबसे महत्वपूर्ण हैं.
इन मामलों में जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी भरोसा दिया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ स्वास्थ्य मंत्री की बैठक कराकर समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी.
मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. राजेश गुप्ता, सतीश कुमार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता व राजनीतिक सलाहकार शुक्ला जी मौजूद थे. प्रतिनिधिमंडल में रक्तवीर नदीम खान सहित मरीजों के परिजन, रक्तदान से जुड़े कार्यकर्ता और पीड़ित मरीज शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

