Ranchi News: झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रविनाथ किशोर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश में तेजी से विकास हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारी जनसमर्थन मिल रहा है. इससे घबराकर कांग्रेस और राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर आधारहीन सवाल उठा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:
किशोर ने कांग्रेस के रवैये को दोहरा चरित्र बताया. उन्होंने कहा कि चुनाव हारने पर कांग्रेस तुरंत ईवीएम और चुनाव आयोग पर दोष मढ़ती है. लेकिन जीतने पर वे पूरी तरह खामोश हो जाते हैं. जनता कांग्रेस की इस दोहरी राजनीति को समझ चुकी है.
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए सही मतदाता सूची बहुत जरूरी है. यह सुधार प्रक्रिया पहले भी होती रही है. कांग्रेस के समय में भी इसे अपनाया गया था. बिना प्रमाण के इस पर सवाल उठाना केवल जनता में भ्रम फैलाना है.
किशोर ने याद दिलाया कि 1975 में कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला था. ऐसे में उनका 'लोकतंत्र बचाने' का दावा हास्यास्पद है. कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय अपनी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए. नकारात्मक राजनीति से उन्हें आगे भी नुकसान ही होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

