Search

 
 
 

रामगढ़ की औद्योगिक इकाइयों में लगातार हो रहे हादसों पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल, जांच की मांग

Ramgarh News : रामगढ़ जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और इनमें श्रमिकों की मौत को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीर चिंता जताई है. कांग्रेस ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच के साथ-साथ औद्योगिक सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की मांग की है.
 
कांग्रेस नेता ने रामगढ़ उपायुक्त को लिखा पत्र

Ramgarh News : रामगढ़ जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और इनमें श्रमिकों की मौत को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीर चिंता जताई है. कांग्रेस ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच के साथ-साथ औद्योगिक सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की मांग की है.


झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव शांतनु मिश्रा ने रामगढ़ के उपायुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि रामगढ़ एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कोयला, इस्पात, स्पंज आयरन, सीमेंट और पावर प्लांट सहित कई औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं. इन प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन पिछले कुछ समय से जिले की अलग-अलग औद्योगिक इकाइयों में लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं.

Uploaded Image

लिखा गया पत्र


पत्र में कहा गया है कि इन हादसों में कई श्रमिकों और कर्मचारियों की मौत हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि क्या संबंधित औद्योगिक इकाइयों में निर्धारित सुरक्षा मानकों, श्रम कानूनों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सही तरीके से पालन किया जा रहा है या नहीं.

Uploaded Image

 

लिखा गया पत्र

कांग्रेस ने हाल में मां छिन्नमस्तिका स्पंज एंड सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड में हुई दुर्घटना का भी उल्लेख किया है, जिसमें तीन अभियंताओं की मौत और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है.

 

प्रदेश कांग्रेस ने जिला प्रशासन से पिछले कुछ वर्षों में रामगढ़ की औद्योगिक इकाइयों में हुई सभी प्रमुख दुर्घटनाओं और उनमें हुई मौतों की सूची तैयार करने की मांग की है. साथ ही प्रत्येक दुर्घटना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाने की मांग की गई है कि हादसे प्राकृतिक या तकनीकी कारणों से हुए अथवा सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और मानवीय लापरवाही के कारण.


कांग्रेस ने सभी संबंधित औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों के लिए हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा जूते, दस्ताने, मास्क, फायर सेफ्टी उपकरण और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता की जांच कराने की भी मांग की है.

 

इसके अलावा पत्र में नियमित सुरक्षा निरीक्षण और सेफ्टी ऑडिट, श्रमिकों को सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण, मृत और घायल श्रमिकों को नियमानुसार मुआवजा और बीमा लाभ सुनिश्चित कराने की मांग की गई है.

 

कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि जिन औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्रबंधन, अधिकारियों या ठेकेदारों की लापरवाही या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के कारण दुर्घटनाएं हुई हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए.

 

प्रदेश कांग्रेस ने रामगढ़ जिले की सभी प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने और जांच में सामने आए तथ्यों एवं की गई कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि श्रमिकों और आम लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही