Search

 
 
 

वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ के आरोप पर कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत, अजय कुमार ने की जांच की मांग

Ranchi News: अजय कुमार ने निर्वाचन आयोग की आईटी महानिदेशक डॉ. सीमा खन्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं का उल्लेख किया गया है.
 
अजय कुमार, प्रवक्ता, कांग्रेस

Ranchi News: वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और चुनावी डेटा से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने गोलमुरी थाना प्रभारी को शिकायत देकर भारत निर्वाचन आयोग की आईटी व्यवस्था, बाहरी एजेंसी और अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है.

 

3 अक्टूबर को दी गई शिकायत में अजय कुमार ने निर्वाचन आयोग की आईटी महानिदेशक डॉ. सीमा खन्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं का उल्लेख किया गया है.

इसे भी पढ़ें: 

डॉ. अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि ECINET और ERONET जैसे सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के जरिए देश के चुनावी डेटाबेस के अनधिकृत केंद्रीकरण की प्रक्रिया अपनाई गई. उनका दावा है कि इससे स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों की वैधानिक भूमिका प्रभावित हुई और मतदाता रिकॉर्ड पर केंद्रीकृत नियंत्रण बढ़ा.

 

शिकायत में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इसमें कहा गया है कि बाहरी वेंडर के जरिए निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया को दरकिनार कर ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण प्रणाली में कथित बदलाव किए गए. शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इसके चलते बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम बिना उचित सत्यापन और प्रक्रिया के मतदाता सूची से हटाए गए.

 

डॉ. अजय कुमार ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए डिजिटल रिकॉर्ड की तत्काल सुरक्षा की मांग की है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक लॉग, सॉफ्टवेयर कोड, कमिट और डेटाबेस ट्रेल सुरक्षित किए जाने चाहिए, ताकि किसी तरह के डिजिटल साक्ष्य से छेड़छाड़ की आशंका न रहे.

 

उन्होंने डीजीपी से मामले की जांच कराने और निर्वाचन आयोग से संबंधित रिकॉर्ड का सत्यापन कराने की मांग की है. शिकायत की प्रतिलिपि झारखंड के डीजीपी और पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी को भी भेजी गई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही