Ranchi News: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली’ निकालेगी. इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संयुक्त रूप से की.
बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को कार्यक्रम की जानकारी दी गयी. उन्हें जिला, विधानसभा और प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. तय कार्यक्रम के अनुसार रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से शुरू होगी. मार्च करते हुए यह बिरसा चौक पहुंचेगी, जहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष इसका समापन होगा.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में के. राजू ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. ऐसे में संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा.
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है. रैली के माध्यम से जनता को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा.
बैठक में सतीश पॉल मुंजनी, दयामणि बरला, गजेंद्र सिंह, कुमार गौरव, राम खलखो, विनय उरांव, प्रशांत किशोर समेत विभिन्न विभागों और संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

