Search

 
 
 

Ranchi News: छात्रों से CM की बातचीत की पहल का कांग्रेस ने किया स्वागत, कहा- परीक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से छात्रों से संवाद करने और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल का झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्वागत किया है.
 
झारखंड की राजधानी रांची की खबरें

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से छात्रों से संवाद करने और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल का झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्वागत किया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनना और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उनसे सुझाव लेना सकारात्मक कदम है.

इसे भी पढ़ें: 

केशव महतो कमलेश ने कहा कि छात्र राज्य और देश का भविष्य हैं. उनकी मेहनत और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए. पिछले कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों के बीच चिंता और अविश्वास का माहौल बना है. इसे दूर करना सरकार और परीक्षा संस्थाओं की प्राथमिकता होनी चाहिए.

 

उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता, समय पर परीक्षा और जवाबदेही जरूरी है. मुख्यमंत्री ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीधे उनसे सुझाव मांगे हैं. इससे पता चलता है कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है.

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने छात्रों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं, सुझाव और परीक्षा से जुड़े अनुभव सरकार तक संवाद पोर्टल के जरिए पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि छात्रों की बात सरकार तक पहुंचने से परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

 

उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ऐसी परीक्षा व्यवस्था चाहिए जिस पर उन्हें भरोसा हो. कांग्रेस छात्रों के जायज हितों और उनके भविष्य के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी.

 

केशव महतो कमलेश ने कहा कि गठबंधन सरकार के मंत्री भी लगातार छात्रों से बातचीत कर रहे हैं. उनकी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है. सरकार बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है.

 

उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सरकार की इस पहल पर भरोसा रखें और अपनी बात शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखें. उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान बातचीत, विश्वास और सकारात्मक पहल से ही संभव है.

 

उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री की पहल से छात्रों और सरकार के बीच बातचीत और मजबूत होगी और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही