Ranchi News: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रैली में देशभर से कांग्रेस और INDIA गठबंधन के 10 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के शामिल होने का दावा किया गया है.
इसे भी पढ़ें:
वहीं, झारखंड से 15 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में हिस्सा लेंगे. झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के मताधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है. निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और जनता के वोट देने के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और मताधिकार को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा. पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि झारखंड के सभी जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं. कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर उत्साह है. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई है.
कमलेश ने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. रामलीला मैदान से उठने वाली आवाज देशभर में लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को मजबूत करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

