Ranchi : रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अग्रणी मोर्चा संगठनों की बैठक शनिवार को कांग्रेस भवन में आयोजित हुई. बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी एक माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई.
बैठक में महानगर अग्रणी मोर्चा संगठन प्रभारी ज्योति सिंह मथारू ने कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 5 अगस्त से 4 सितंबर तक चलने वाले दावा एवं आपत्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदाताओं की हरसंभव सहायता करें, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी बल दिया गया.
बैठक में अल्पसंख्यक विभाग, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को संगठन विस्तार का लक्ष्य सौंपा गया. निर्देश दिया गया कि रांची महानगर के सभी वार्डों और मंडलों में समितियों का गठन शीघ्र पूरा किया जाए. वहीं, एनएसयूआई को शहर के सभी महाविद्यालयों में छात्र इकाइयों का गठन करने को कहा गया.
ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि संगठन के विस्तार में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए अलग-अलग मोर्चों की बैठकें आयोजित होंगी. इसके बाद महानगर अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्षों, वार्ड और महाविद्यालय स्तर की समितियों के साथ चरणबद्ध बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी.
बैठक में राज्य सरकार की छात्र-हित, युवा रोजगार और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं से कहा गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाए.
बैठक में प्रदेश कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हुसैन खान, रांची जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीतू देवी, एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष सतीश तथा शैफ सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment