- मोरहाबादी में जुटे राज्यभर के संवेदक, फैसले को वापस लेने और नई नीति बनाने की मांग
Ranchi: खनिज मूल्य और माइनिंग रॉयल्टी से जुड़े नियमों में पेनाल्टी की राशि दस गुना बढ़ाने के फैसले के खिलाफ झारखंड के ठेकेदारों ने मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के नेतृत्व में राज्यस्तरीय महासम्मेलन और विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें विभिन्न जिलों से पहुंचे ठेकेदारों और संवेदकों ने सरकार के फैसले पर नाराजगी जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की.
पेनाल्टी बढ़ने से संवेदकों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
महासम्मेलन में शामिल संवेदकों का कहना था कि खनिज मूल्य और माइनिंग रॉयल्टी की पेनाल्टी में दस गुना वृद्धि से निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा. पहले से कई तरह की वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रहे संवेदकों के लिए इतनी बड़ी वृद्धि मुश्किलें बढ़ाने वाली है. एसोसिएशन ने कहा कि इस फैसले से राज्यभर के ठेकेदारों में असंतोष है और सरकार को इसके दूरगामी परिणामों पर विचार करना चाहिए.
इसे भी पढ़ें -
एकजुट होकर सरकार तक पहुंचायी आवाज
मोरहाबादी मैदान में आयोजित महासम्मेलन में वक्ताओं ने ठेकेदारों की एकजुटता को जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि संवेदकों के अधिकारों और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए सभी को साझा मंच पर आना होगा. महासम्मेलन के जरिये सरकार तक अपनी आपत्ति पहुंचाने और फैसले पर पुनर्विचार का दबाव बनाने की रणनीति पर जोर दिया गया.
वृद्धि वापस लेने की मांग
झारखंड कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने सरकार से पेनाल्टी में की गयी दस गुना वृद्धि वापस लेने की मांग की है. एसोसिएशन का कहना है कि संवेदकों की आर्थिक स्थिति और निर्माण कार्यों की व्यावहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर न्यायसंगत नीति बनायी जानी चाहिए. महासम्मेलन के माध्यम से ठेकेदारों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

