Search

 
 
 

धुरंधर 2’ पर विवाद: तमिलनाडु में रिलीज रोकने की मांग, हाईकोर्ट में याचिका दायर

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2 जहां एक ओर बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं दूसरी ओर फिल्म अब विवादों में घिरती नजर आ रही है
 

Lagatar desk : रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2 जहां एक ओर बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं दूसरी ओर फिल्म अब विवादों में घिरती नजर आ रही है. खबर है कि मद्रास हाईकोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर याचिका दायर की गई है.

 

‘चुनाव से पहले रिलीज पर उठे सवाल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, याचिका में कहा गया है कि फिल्म की कहानी राजनीतिक विषयों से जुड़ी है और तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के चलते इसे रिलीज नहीं किया जाना चाहिए. याचिकाकर्ता ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का हवाला देते हुए फिल्म पर रोक लगाने की मांग की है.

 

बताया जा रहा है कि एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन के सामने मौखिक रूप से यह मामला उठाया. हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को औपचारिक रिट याचिका दायर करने और फिर तत्काल सुनवाई की मांग करने को कहा है. अब इस मामले में अंतिम फैसला सुनवाई के बाद ही आएगा.

 

जन नायकन भी फंसी विवाद में

इसी तरह थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ भी मुश्किलों का सामना कर रही है. केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने चुनावी आचार संहिता का हवाला देते हुए फिल्म के सर्टिफिकेशन को रोक दिया है और मामले को चुनाव आयोग के पास भेज दिया है.

 

फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट

‘धुरंधर 2 की कहानी कराची के ल्यारी इलाके और अंडरवर्ल्ड पर आधारित है, जिसमें वास्तविक घटनाओं जैसे कंधार हाईजैक, संसद हमला (2001) और 26/11 मुंबई हमलों की झलक दिखाई गई है.फिल्म में रणवीर सिंह एक खुफिया एजेंट के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो जसकिरत सिंह रंगी से हमजा अली मजारी बनने तक का सफर तय करता है. उनके साथ अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.

 

बढ़ती निगरानी के बीच विवाद

चुनाव नजदीक होने के कारण फिल्म को लेकर उठे इस विवाद ने राजनीतिक विषयों पर आधारित फिल्मों की रिलीज को लेकर संवेदनशीलता को एक बार फिर उजागर कर दिया है. फिलहाल, सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि तमिलनाडु में फिल्म की रिलीज जारी रहेगी या नहीं.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही