Ranchi News: नगर निगम क्षेत्र में संचालित पार्कों से निगम के राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. पार्क संचालकों पर लाखों रुपये का बकाया है, जिसे जल्द भुगतान करने का निर्देश दिए गए हैं.
अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बाजार शाखा के पदाधिकारियों एवं संबंधित पार्क संचालकों के साथ बैठक हुई. बैठक में जानकारी दी गई कि निगम क्षेत्र के विभिन्न पार्कों का संचालन निजी एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है. इनमें मेसर्स वियाली इंफ्राटेक द्वारा मोरहाबादी चिल्ड्रेन पार्क, मेसर्स हरिओम कंस्ट्रक्शन द्वारा डोरंडा स्थित कृष्णा सिंह पार्क, मेसर्स अमरूदा द्वारा हरमू पार्क, मेसर्स विश्वा एंटरप्राइजेज द्वारा रामदयाल मुंडा पार्क, मो.ऐजाज द्वारा मोरहाबादी निगम पार्क, मेसर्स इंडीक्राफ्ट द्वारा पटेल पार्क तथा मेसर्स पंकज कुमार द्वारा क्लासिक पार्क का संचालन किया जा रहा है. इन संचालकों पर निगम की लाखों रुपये की राशि बकाया है.
इसे भी पढ़ें:
अपर नगर आयुक्त ने बकाया राशि को निगम के राजस्व की क्षति बताते हुए सभी संबंधित पार्क संचालकों को 10 दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया है.निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी. निगम राजस्व के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बैठक में अपर नगर आयुक्त ने बाजार शाखा को उन पार्कों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, जिनकी निविदा अब तक नहीं की गई है. निगम की रिक्त भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने एवं शहर में हरित क्षेत्र तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से संभावित इच्छुक एजेंसियों एवं संस्थाओं से पीपीपी मॉडल अथवा सीएसआर फंड के माध्यम से नए पार्क विकसित करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित करने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

