Search

 
 
 

मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव की मतगणना शुरू, 79 टेबल पर 14 राउंड में होगी गिनती

मेदिनीनगर समेत झारखंड के 48 नगर निकायों में हुए चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई. जिले में मतगणना कार्य जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में सुबह 8 बजे से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रहा है.
 
  • उपायुक्त और एसपी रख रहे पल-पल की नजर

Palamu :  पलामू समेत झारखंड के 48 नगर निकायों में हुए चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई. जिले में मतगणना कार्य जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में सुबह 8 बजे से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रहा है.

 

मेदिनीनगर नगर निगम (वर्ग ख), विश्रामपुर नगर परिषद (वर्ग ख), हुसैनाबाद नगर पंचायत, हरिहरगंज नगर पंचायत और छतरपुर नगर पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर डाले गए मतों की गिनती एक ही परिसर में की जा रही है.

 

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, पारदर्शी तरीके से मतगणना कराई जा रही है. मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

 

Uploaded Image

 

79 टेबल पर 14 राउंड में पूरी होगी मतगणना

जिले के सभी नगर निकायों के लिए कुल 79 टेबल बनाए गए हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी निकायों की मतगणना 14 राउंड में संपन्न कराई जाएगी. प्रत्येक राउंड की समाप्ति के बाद आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित किए जाएंगे. पहले राउंड का परिणाम 11 बजे तक आने की संभावना जताई गई है.

 

मेदिनीनगर नगर निगम के लिए 27 टेबल लगाए गए हैं, जहां 5 राउंड में गिनती होगी. विश्रामपुर नगर परिषद के लिए 13 टेबल और 3 राउंड निर्धारित हैं. हुसैनाबाद नगर पंचायत में 15 टेबल पर 2 राउंड में मतगणना की जा रही है. हरिहरगंज नगर पंचायत में 12 टेबल पर 2 राउंड तथा छतरपुर नगर पंचायत में 12 टेबल पर 2 राउंड में मतों की गिनती होगी.

 

डीसी व एसपी कर रहें मॉनिटरिंग

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त समीरा एस. और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन मतगणना स्थल का लगातार निरीक्षण कर रही हैं. वे पर्यवेक्षकों व निर्वाची पदाधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं.

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक राउंड के बाद आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी. दोनों अधिकारियों ने आमजन और मीडिया से अपील की है कि मतगणना से संबंधित किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना के प्रकाशन और प्रसारण से परहेज करें. किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लें.

 

बज्रगृह से निकाली गई मतपेटिकाएं

मतगणना की शुरुआत से पूर्व बज्रगृह में सुरक्षित रखी गई मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कक्ष में लाया गया. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतों की गिनती शुरू की गई.

 

जांच के बाद ही मिल रहा प्रवेश

मतगणना कार्य में तैनात पदाधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ही परिसर पहुंचने लगे थे. प्रवेश से पूर्व सभी के पास की जांच की गई. पुलिस बल द्वारा ज्वलनशील पदार्थ, तरल पदार्थ, माचिस, चाकू, हथियार, मोबाइल, सिगरेट, गुटखा, पान आदि प्रतिबंधित वस्तुओं की सघन जांच की जा रही है. जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है.

 

सीसीटीवी से हो रही निगरानी

संपूर्ण मतगणना परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इनके माध्यम से मतगणना कक्ष और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.

 

रेंडमाइजेशन के तहत कर्मियों की तैनाती

सूचना विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह के नेतृत्व में काउंटिंग कर्मियों का रेंडमाइजेशन कर उन्हें अलग-अलग नगर निकायों और टेबलों पर तैनात किया गया है. मतगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तकनीकी सेल को पूर्व में प्रशिक्षित किया गया है.

 

100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है. प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही