Search

 
 
 

Court News : धनबाद में राष्ट्रीय लोक आदालत में 3.73 लाख मामलों का निष्पादन, 1.70 अरब की रिकवरी

NALSA के निर्देश पर शनिवार को धनबाद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 3,73,234 मामलों का निष्पादन किया गया. वहीं, एक अरब 70 करोड़ 98 लाख 15 हजार 838 रुपये की रिकवरी भी कराई गई.
 
लोक आदालत में मामलों की सुनवाई करते न्यायिक पदाधिकारी व अन्य.

Dhanbad : इस साल की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत में धनबाद ने नया रिकॉर्ड कायम किया है. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देश पर शनिवार को धनबाद में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 3,73,234, मामलों का निष्पादन किया गया. वहीं, एक अरब 70 करोड़ 98 लाख 15 हजार 838 रुपये की रिकवरी भी कराई गई.

 


लोक अदालत का उद्घाटन जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने रांची से ऑनलाइन किया. धनबाद में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा चेयरमैन निकेश कुमार सिन्हा ने की. उन्होंने कहा कि लोक अदालत संविधान की उस भावना को मजबूत करती है जिसमें आम लोगों को त्वरित, सस्ता व सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की बात कही गई है. इससे न्यायालयों पर बोझ कम होने के साथ-साथ लोगों को बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के राहत मिल रही है.

 

12 बेंचों ने किया मामलों का निष्पादन

 

लोक अदालत में मामलों के निष्पादन के लिए 12 विशेष बेंचों का गठन किया गया था. इन बेंचों में बैंक ऋण, बीमा दावा, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, बिजली बिल, राजस्व विवाद और अन्य लंबित मामलों की सुनवाई की गई. 

 

सीआरपीएफ जवान की पत्नी को मिला 1.14 करोड़ का मुआवजा

 

लोक अदालत का सबसे भावुक क्षण तब आया जब सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवान अरुण कुमार की पत्नी प्रिया कुमारी को 1,14,96 हजार रुपये का मुआवजा चेक सौंपा गया. 12 मई 2022 को बगोदर में सड़क दुर्घटना में अरुण कुमार की मौत हो गई थी. हादसे के समय उनकी पत्नी प्रिया कुमारी आठ माह की गर्भवती थीं. डालसा ने वीर परिवार योजना के तहत परिवार को कानूनी सहायता उपलब्ध कराते हुए ट्रिब्यूनल में दावा दायर कराया.

 

लेबर कोर्ट कर्मी के परिवार को भी मिला एक करोड़ का मुआवजा

 

इसी प्रकार लेबर कोर्ट धनबाद में सहायक के पद पर कार्यरत कृष्णा कुमार महतो की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में भी डालसा ने तत्परता दिखाई. कृष्णा कुमार महतो की पत्नी को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया. पीड़ित परिवार ने कहा कि कठिन समय में मिली यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही