Search

 
 
 

Jamshedpur News: ऑटो व ई-रिक्शा चालकों पर सख्ती, बिना लाइसेंस-परमिट पर होगी कार्रवाई

Jamshedpur News: बैठक में सड़क किनारे या जहां-तहां ऑटो और ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर भी चालकों को चेतावनी दी गई. अधिकारियों ने कहा कि बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने से सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है.
 
ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक करते अधिकारी

Jamshedpur News: जमशेदपुर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और जिला परिवहन विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. इसी को लेकर ट्रैफिक डीएसपी कार्यालय में डीएसपी और डीटीओ ने ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक की. बैठक में चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों के जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया.

इसे भी पढ़ें: 

अधिकारियों ने कहा कि शहर की सड़कों पर अब यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा. ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट रखना जरूरी होगा. इसके साथ ही चालकों को निर्धारित ड्रेस पहनकर वाहन चलाने का भी निर्देश दिया गया है.

 

बैठक में सड़क किनारे या जहां-तहां ऑटो और ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर भी चालकों को चेतावनी दी गई. अधिकारियों ने कहा कि बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने से सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है. इसलिए चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन रोकने और यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के दौरान भी यातायात व्यवस्था का ध्यान रखने को कहा गया.

 

ट्रैफिक डीएसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा डालने या नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

 

शहर में ऑटो और ई-रिक्शा की जांच मंगलवार से शुरू की जाएगी. जिन चालकों के पास फिलहाल वैध ड्राइविंग लाइसेंस या परमिट नहीं है, उन्हें अपने दस्तावेज दुरुस्त कराने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है. अधिकारियों ने साफ किया है कि इस समय सीमा के बाद बिना जरूरी दस्तावेज या नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाएगी.

 

अधिकारियों के अनुसार, यह बैठक अभियान के प्रथम चरण के तहत आयोजित की गई थी. इसका उद्देश्य चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की रणनीति तैयार करना है. आने वाले दिनों में नियमों के पालन की निगरानी भी की जाएगी.

 

प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शहर में यातायात को सुगम बनाना, सड़क पर अनावश्यक जाम को कम करना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाना है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही