Lagatar Desk: श्रीलंका में खेले जा रहे त्रिकोणीय सीरीज में भारत-A ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका-A को 8 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की है. भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 277 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 278 रन का लक्ष्य दिया. श्रीलंकाई टीम 48.5 ओवर में 269 रन पर ढेर हो गई और 8 रन से मैच हार गई.
श्रीलंका की ओर से पारी की शुरुआत निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े. श्रीलंका को पहला झटका अविष्का के रूप में लगा, उन्होंने 59 गेंद पर 45 रन बनाए. थोड़ी ही देर बाद निरोशन के रूप में श्रीलंका को दूसरा झटका लगा. निरोशन 45 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए.
109 के स्कोर पर श्रीलंका को तीसरा झटका नुवानीडू फर्नांडो के रूप में लगा, वे मात्र 8 रन बनाकर आउट हो गए. जिसके बाद सदीरा समरविक्रमा और कप्तान साहन अराचिगे ने चौथे विकेट के लिए 78 रन की पारी खेली. समरविक्रमा 46 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद विकेट गिरने झड़ी लग गई. लेकिन कप्तान अराचिगे ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने 72 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली. कप्तान के आउट होते श्रीलंकाई बल्लेबाज ज्यादा टिक नहीं सके.
भारत की ओर से आयुष बडोनी, अनुकूल रॉय, अरशद खान और विपराज निगम ने 2-2 विकेट झटके. अंशुल कंबोज ने एक विकेट लिए.
भारत के लिए बल्लेबाजी करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ ने शतक लगाए. उन्होंने 114 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल थे. वहीं, कप्तान तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 1 छक्का और 2 चौके की मदद से 60 रन की पारी खेली. प्रियांश आर्य ने 32, आयुष बडोनी ने 24 और सुर्यांश शेड्गे ने नाबाद 26 रन बनाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment