New Delhi : श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी शाई होप करेंगे. यह सीरीज 3,6 और 8 जून को जमैका के सबीना पार्क में होगी. इस मुकाबले के साथ वेस्टइंडीज 2027 वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने के अपने अभियान की अहम शुरुआत करेगा.
तीन मुकाबलों की सीरीज के लिए 3 बड़े खिलाड़ियों की वापसी हुई है. वेस्टइंडीज क्रिकेट ने ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विस्फोटक बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर को एक बार फिर ODI टीम में शामिल किया है. हाल ही में खेले गए T20 वर्ल्ड कप में हेटमायर ने शानदार प्रदर्शन किया था.
उन्होंने 248 रन बनाए थे और उनका औसत 41.33 और स्ट्राइक रेट 186.46 का रहा था. हालांकि, IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए उनका प्रदर्शन फीका रहा, जहां उन्होंने 7 पारियों में सिर्फ 78 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 113.04 रहा.
शिमरॉन के अलावा तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को भी टीम में शामिल किया गया है. जोसेफ जुलाई 2025 में पीठ की चोट के कारण बाहर हो गए थे. जोसेफ पीठ की चोट से उबरने के बाद अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे. इन दोनों के साथ-साथ स्पिनर गुडाकेश मोती को भी टीम में जगह दी गई है, जो नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल पाए थे.
वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने कहा कि श्रीलंका एक मजबूत और अनुशासित वनडे टीम है. उनके खिलाड़ी हालात के अनुसार धैर्य और समझदारी से खेलना जानते हैं. उन्होंने कहा कि यह सीरीज उनकी टीम के लिए अपने खेल का स्तर तय करने का अच्छा मौका है. टीम फील्डिंग में तेजी, बल्लेबाजी में स्पष्ट सोच और गेंदबाजी में लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखाना चाहती है.
सैमी के अनुसार, वेस्टइंडीज की कोशिश निडर, लेकिन समझदारी भरा क्रिकेट खेलने की है और टीम अपनी एक मजबूत पहचान बनाना चाहती है. कोच ने आगे कहा कि उनका लक्ष्य घरेलू मैदान को टीम का मजबूत किला बनाना है, जहां विरोधी टीमों के लिए जीत हासिल करना मुश्किल हो.
इसके लिए वह चाहते हैं कि पूरी टीम मिलकर लगातार अच्छा प्रदर्शन करे और जीत में अहम योगदान दे. टीम किसी एक खिलाड़ी के शानदार प्रदर्शन पर निर्भर रहने के बजाय सामूहिक प्रयास से सफलता हासिल करना चाहती है. उन्होंने बताया कि पिछले 18 महीनों से टीम इसी सोच के साथ काम कर रही है.
वेस्टइंडीज टीम
शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), एकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, शिमरोन हेटमायर, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स और शमर स्प्रिंगर.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment