Search

Crime News : छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबारी हत्याकांड का आरोपी देवघर से गिरफ्तार

  • संयुक्त अभियान में STF और पुलिस को मिली सफलता

Deoghar :  छत्तीसगढ़ में हुए चर्चित सराफा कारोबारी हत्याकांड के एक आरोपी को देवघर से गिरफ्तार किया गया है. बिहार एसटीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस और देवघर पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से लूटे हुए सोने और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं.

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष मंडल उर्फ नागमणि के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. जांच के दौरान उसके देवघर में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.

 

गौरतलब है कि बीते 26 मई को छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक सराफा कारोबारी से लूटपाट की घटना हुई थी. वारदात के दौरान अपराधियों ने कारोबारी को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद स्थानीय थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

 

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली. इसी क्रम में मनीष मंडल का नाम सामने आया. इसके बाद उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें कई गंभीर मामलों में उसकी संलिप्तता की जानकारी मिली.

 

सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने बिहार एसटीएफ और देवघर पुलिस के सहयोग से विशेष अभियान चलाया. संयुक्त टीम ने देवघर में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 50 ग्राम सोना और अन्य सामग्री बरामद की गई.

 

गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई. पुलिस अब मामले में उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//