Jamshedpur News: जमशेदपुर में आपराधिक घटनाओं पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. बागबेड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को लंबे आपराधिक इतिहास वाले अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर के अलग-अलग थानों के अलावा रेलवे और पश्चिम बंगाल में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी.
सिटी एसपी ने बताया कि 1 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि अनूप चक्रवर्ती अपने कुछ सहयोगियों के साथ बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा मैदान में घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की. पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
इसे भी पढ़ें:
विशेष टीम ने सूचना के आधार पर बागबेड़ा मैदान पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की. पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनूप चक्रवर्ती को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और थाना लाकर उससे पूछताछ की.
पुलिस के अनुसार अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उसके खिलाफ कुल 17 पुराने मामलों का उल्लेख किया गया है. इनमें बागबेड़ा थाना के कई मामलों के अलावा बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस, चाकुलिया और परसुडीह थाना क्षेत्र से जुड़े मामले शामिल हैं. इसके अलावा रेलवे से संबंधित मामलों में भी उसका नाम दर्ज रहा है. इन मामलों में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 42 वर्ष है. उसका वर्तमान पता पश्चिम बंगाल के फुलिया थाना क्षेत्र का बताया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बागबेड़ा मैदान में वह किन लोगों के साथ मौजूद था और हथियार लेकर वहां किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

