- समस्तीपुर में युवक की गोली मारकर हत्या
- तीन महीने पहले हुई थी शादी
- गुस्साए लोगों ने NH-28 किया जाम
Lagatar Desk : बिहार में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है. राज्य के अलग-अलग जिलों से आए दिन हत्या, लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं. ताजा मामला समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चक हबीब (बाघी पंचायत) स्थित राम टोला का है. यहां अपराधियों ने गुरुवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान कमल सिंह के 30 वर्षीय बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि सोनू पेशे से पुजारी था और उसकी शादी महज तीन महीने पहले हुई थी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं युवक की हत्या से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गंगापुर के पास नेशनल हाईवे (NH-28) पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें
फोन आने के बाद घर से निकला था सोनू
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम सोनू अपने घर पर था. इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया. वह फोन पर बात करते करते बाहर निकल गया. वह जैसे ही राम टोला पहुंचा, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सोनू के सिर में बेहद करीब से तीन गोलियां मारीं. गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
तीन महीने पहले हुई थी सोनू की शादी, परिवार में मातम
सोनू की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पत्नी भी सदमे में है और उसका भी रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोगों का कहना है कि सोनू का किसी से कोई विवाद नहीं था. ऐसे में उसकी हत्या क्यों की गई, यह उनकी समझ से बाहर है. परिवार वाले काफी सदमे में हैं. बताया जाता है कि तीन महीने पहले ही सोनू की शादी हुई थी.
गुस्साए ग्रामीणों ने NH-28 किया जाम
हत्या से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने गंगापुर के पास मुजफ्फरपुर-बरौनी मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की. सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.
सड़क जाम की सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाना पुलिस के साथ कई अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटाया, जिसके बाद अवागमन सुचारू हुआ.
सोनू की हत्या क्यों की गई है, इसके पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सोनू को फोन किसने किया था और हत्या के पीछे क्या वजह थी. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.

