Ranchi: झारखंड में अपराधी, कारोबारी, ठेकेदार और कई बड़े माफिया कथित तौर पर हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं. हाल के दिनों में अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान ऐसे इनपुट सामने आए हैं कि कुछ कारोबारी, अपराधी गिरोह, ठेकेदारी से जुड़े लोग और अन्य संदिग्ध नेटवर्क एक राज्य से दूसरे राज्य में बड़ी रकम के लेन-देन के लिए हवाला नेटवर्क का सहारा लेते हैं. जांच में विदेशों तक धन के संभावित प्रवाह की भी पड़ताल की जा रही है. हालांकि, इन मामलों की जांच अभी जारी है.
इसे भी पढ़ें:
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में झारखंड से नेपाल, दिल्ली, दुबई, पंजाब, हरियाणा और कोलकाता सहित कई स्थानों तक हवाला नेटवर्क के माध्यम से धन के लेन-देन के इनपुट मिले हैं. जांच में यह भी पड़ताल की जा रही है कि कुछ कंपनियों और कोयला कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका क्या रही है. इन पहलुओं पर अभी जांच जारी है.
सूत्रों का कहना है कि हवाला नेटवर्क में पैसा भेजने और मंगाने के बदले कमीशन लिया जाता है. राज्य के भीतर लेन-देन पर कथित तौर पर 0.5 प्रतिशत तथा विदेशों में धन भेजने के मामलों में 1 से 2 प्रतिशत तक कमीशन लिए जाने की बात सामने आई है. इसी नेटवर्क के जरिए बिना बैंकिंग ट्रेल छोड़े एक शहर से दूसरे शहर तक नकदी का हिसाब पूरा किया जाता है.
कहां-कहां सामने आया हवाला नेटवर्क का एंगल
05 नवंबर 2025. धनबाद
धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया कि गिरोह व्यापारियों और ठेकेदारों के अवैध पैसे को हवाला के जरिए इधर-उधर भेजता था. पुलिस ने 17.34 लाख रुपये नकद, लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए.
07 अक्टूबर 2025. धनबाद
बैंकमोड़ थाना क्षेत्र के एक होटल से नौ साइबर अपराधी गिरफ्तार हुए. पूछताछ में खुलासा हुआ कि साइबर ठगी की रकम हवाला नेटवर्क के माध्यम से ठिकाने लगाई जाती थी. मौके से 5.80 लाख रुपये नकद और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए.
23 अक्टूबर 2025. लातेहार
पुलिस ने संगठित अपराध से जुड़े एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया. जांच में पता चला कि अपराधी हवाला के जरिए अवैध धन का लेन-देन कर रहे थे. पुलिस ने नकदी और वित्तीय दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच शुरू की.
08 अगस्त 2025. रांची-धनबाद-जमशेदपुर
730 करोड़ रुपये के कथित GST घोटाले की जांच में ED ने झारखंड, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के आठ ठिकानों पर छापेमारी की. जांच में फर्जी कंपनियों के जरिए बिलिंग और संदिग्ध हवाला लेन-देन की जांच की गई.
28 जुलाई 2026. धनबाद
अवैध कोयला कारोबार और काले धन के मामले में ED ने 25 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की. जांच में आयकर विभाग भी शामिल हुआ और हवाला समेत वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की जांच की गई.
31 जुलाई से 02 अगस्त 2026. रांची, बेगूसराय और गुरुग्राम
रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन और उससे जुड़ी कंपनियों पर आयकर विभाग की कार्रवाई में फर्जी बिल, अघोषित आय और संदिग्ध हवाला लेन-देन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की बात जांच में सामने आई है. आईटी टीम ने लगभग 300 करोड़ रुपये की अघोषित आय और हवाला एंगल की जांच कर रही है. अंतिम जांच अभी जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment