Search

 
 
 

CUJ के गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण, मेस प्रबंधन को कुलपति ने दी चेतावनी

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. सारंग मेढेकर ने आज गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण कर मेस और छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया
 

Ranchi : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. सारंग मेढेकर ने आज गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण कर मेस और छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. पिछले कई दिनों से छात्र-छात्राएं मेस प्रबंधन, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर शिकायत कर रहे थे. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुलपति ने बिना पूर्व सूचना के निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया.

 

निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. मेढेकर और कुलसचिव के.के. राव सीधे मेस परिसर पहुंचे. उन्होंने लाइन में खड़े छात्रों के बीच जाकर दोपहर के भोजन का स्वाद लिया और भोजन की गुणवत्ता, परोसने की व्यवस्था और स्वच्छता की जांच की. छात्राओं से बातचीत में यह सामने आया कि कई बार निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता और गुणवत्ता में भी कमी देखी जाती है.

 

मामले को गंभीर मानते हुए कुलपति ने मेस प्रबंधक को कड़ी चेतावनी देते हुए मेन्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. साथ ही निगरानी समिति को नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो.

 

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के स्वास्थ्य और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है. छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने वार्डन और मेस प्रबंधन को जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.

 

निरीक्षण के दौरान छात्रावास परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई. कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए.छात्रों की सुविधा के लिए लंच अवधि के दौरान बस सेवा का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है. अब एकेडमिक (स्कूल) बिल्डिंग से दोपहर एक बजे मेस परिसर के लिए बस उपलब्ध होगी और दो बजे मेस से पुनः स्कूल बिल्डिंग के लिए बस चलेगी. इसके अलावा गर्मी को देखते हुए छात्रावास परिसर में नए वाटर कूलर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

 

इस अवसर पर चीफ प्रॉक्टर डॉ. अमरेंद्र कुमार, इंचार्ज डीएसडब्ल्यू डॉ. के. तासी, डॉ. रामकिशोर, पीआरओ नरेंद्र कुमार और सुरक्षा अधिकारी तरुण कुमार उपस्थित थे. विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कदम आगे भी जारी रहेंगे.

 

Uploaded Image

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही