Ranchi News : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे), रांची के भौतिकी विभाग के शिक्षक डॉ. दाली रामू बुराडा को जम्मू-कश्मीर साइंस कांग्रेस में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया. साइंस कांग्रेस का आयोजन इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IUST), अवंतीपोरा, पुलवामा में किया गया.
इसे भी पढ़ें...
इस वर्ष साइंस कांग्रेस की थीम “Science, Innovations and Emerging Technologies for Sustainable and Viksit J&K” थी. इसमें देश के 16 राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों और प्रमुख तकनीकी संस्थानों से आए शोधकर्ताओं ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए.
डॉ. बुराडा को यह पुरस्कार उनकी शोध प्रस्तुति “Data-Driven Smart In-Situ Metrology Framework for Freeform Optics: Towards Sustainable and Intelligent Optical Manufacturing” के लिए प्रदान किया गया. उनकी प्रस्तुति का चयन 16 राज्यों से आए शोधकर्ताओं की प्रस्तुतियों में से किया गया. पुरस्कार जम्मू-कश्मीर सरकार की उच्च शिक्षा मंत्री सकीना मसूद इट्टू और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने प्रदान किया.
स्मार्ट विनिर्माण से जुड़ा है शोध
डॉ. बुराडा का शोध फ्रीफॉर्म ऑप्टिकल सतहों की उच्च-सटीकता वाली माप और गुणवत्ता सुनिश्चित करने से संबंधित है. इसमें ऐसी इन-सिटू मेट्रोलॉजी प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया गया है, जिसे स्मार्ट मेट्रोलॉजी फ्रेमवर्क के साथ जोड़ा जा सके.
इस तकनीक के माध्यम से निर्माण प्रक्रिया के दौरान सेंसर से जानकारी प्राप्त कर वास्तविक समय में प्रक्रिया की निगरानी और डेटा आधारित विश्लेषण किया जा सकता है. इससे मापन की सटीकता बढ़ाने, निर्माण संबंधी त्रुटियों को कम करने और उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार की संभावना है.
यह शोध सतत और बुद्धिमान ऑप्टिकल विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है. साथ ही, यह विज्ञान एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के माध्यम से सतत विकास और विकसित भारत@2047 के व्यापक दृष्टिकोण में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भूमिका को रेखांकित करता है.
जम्मू-कश्मीर साइंस कांग्रेस में सीयूजे के एक छात्र ने भी भाग लिया. सम्मेलन में सीयूजे की भागीदारी को आयोजकों, तकनीकी टीम और प्रतिभागियों ने सराहा. झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे सीयूजे की सक्रिय भागीदारी और डॉ. बुराडा की पुरस्कार विजेता प्रस्तुति ने विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई.
साइंस कांग्रेस में देश के विभिन्न राज्यों से आए शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों ने विज्ञान, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़े शोध कार्य साझा किए. डॉ. दाली रामू बुराडा को मिला यह सम्मान सीयूजे में हो रहे शोध एवं नवाचार का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

