Search

 
 
 

CUJ के अमन का विकसित भारत यंग लीडरशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे), रांची के मानवशास्त्र एवं जनजातीय अध्ययन विभाग के शोधार्थी अमन हेम्ब्रम ने ‘विकसित भारत यंग लीडरशिप 2026’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर विश्वविद्यालय एवं राज्य का नाम रोशन किया है.
 

Ranchi : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे), रांची के मानवशास्त्र एवं जनजातीय अध्ययन विभाग के शोधार्थी अमन हेम्ब्रम ने ‘विकसित भारत यंग लीडरशिप 2026’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर विश्वविद्यालय एवं राज्य का नाम रोशन किया है. उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं.

 

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में देशभर के युवाओं ने विकसित भारत 2047 के विजन पर अपने विचार प्रस्तुत किए.

 

अमन हेम्ब्रम ने “सतत एवं हरित विकसित भारत का निर्माण” विषय पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के समक्ष प्रभावशाली पावर प्वाइंट प्रस्तुति दी, जिसे सराहा गया.

 

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अमन राष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति के लिए झारखंड से चयनित तीन प्रतिभागियों में शामिल हुए. इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि युवाओं की दूरदर्शी सोच, नवाचार और सक्रिय सहभागिता ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है.

 

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेढ़ेकर ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि सीयूजे सतत एवं हरित विकास के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। विभागाध्यक्ष एवं डीन प्रो. रवींद्रनाथ शर्मा ने अमन की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा नेताओं से संवाद कर उन्हें विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया.

 

अमन हेम्ब्रम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शोध निर्देशक, विश्वविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तथा अपने माता-पिता महादेव हेम्ब्रम और मंजू देवी को दिया. विश्वविद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही