Ranchi: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है. इस दौरान दिनभर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है. शनिवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश की संभावना जताई गई है. 22 नवंबर को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 23 नवंबर को आंशिक बादल रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
24 और 25 नवंबर को सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के बाद आसमान साफ रहने का अनुमान है. मौसम केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 22 नवंबर को रांची में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है. जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में अधिकतम 28 और न्यूनतम 18 डिग्री, धनबाद में अधिकतम 26 और न्यूनतम 18 डिग्री और देवघर में अधिकतम 26 और न्यूनतम 18 डिग्री तापमान रह सकता है.
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 53.2 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबांधा में दर्ज की गई. चक्रधरपुर में 52.2 मिमी, मझगांव में 47.2 मिमी, बहरागोड़ा में 46.4 मिमी, गुड़री में 43.5 मिमी और सदर चाईबासा में 41.6 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा कुमारडुंगी में 40 मिमी, चाईबासा में 33.4 मिमी, चाकुलिया में 28.6 मिमी और जमशेदपुर में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राजधानी रांची में 4.8 मिमी बारिश हुई.
इसे भी पढ़ें -
अगले 6 घंटे में और कमजोर होने की संभावना
चक्रवात के कमजोर होने के बावजूद आसपास के इलाकों में सुबह में फुहारा वाली बारिश हुई. इस बारिश के बीच किसानों की चिंता बढ़ी हुई है. खेतों में धान और मड़ुवा की फसल पककर तैयार है. कई बुडमु, मांडर, लोहरदगा, गुमला समेत अन्य जिलों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है.
बारिश के कारण कटाई और फसल को सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है. कई किसानों ने धान को बारिश से बचाने का लिए तिरपाल का सहारा लेना पड़ रहा है. जबकि कई किसानों के लिए फसल बचाना एक चुनौती बन गया है.
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री गिरा
बारिश और बादलों के कारण राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है. चाईबासा में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है. रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा. वहीं डाल्टनगंज में 28.2 और बोकारो थर्मल में 28.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री देवघर में दर्ज हुआ. रांची में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 17.2 डिग्री और चाईबासा में 17.6 डिग्री रहा. जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

